|
₹9 लाख से बने लकड़ी हाल का किया निरीक्षण, प्रीकास्ट बाउंड्री वॉल, सीसी रोड, पेवर ब्लॉक और शौचालय के लिए एस्टीमेट बनाने के निर्देश नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा सोमवार, 21 सितंबर को सादड़ी रोड बघाना स्थित मुक्तिधाम पहुंचीं। उन्होंने नगर पालिका द्वारा ₹9 लाख की लागत से निर्मित लकड़ी हाल का निरीक्षण किया। यह हाल अंतिम संस्कार के लिए उपयोग होने वाली लकड़ियों के सुरक्षित भंडारण के उद्देश्य से बनाया गया है। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका सभापति श्री नीरज अहीर एवं पार्षद प्रतिनिधि श्री रामलाल ग्वाला भी उनके साथ मौजूद रहे। मुक्तिधाम पहुंचने पर समिति के सदस्यों ने नपाध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और उन्हें मुक्तिधाम का निरीक्षण करवाया। इस दौरान मुक्तिधाम समिति के सदस्यों ने सीसी रोड, पेवर ब्लॉक, प्रीकास्ट बाउंड्री वॉल और शौचालय सहित विभिन्न आवश्यक कार्यों की समस्या से नपाध्यक्ष को अवगत कराया। समिति की ओर से इन कार्यों के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किया गया। श्रीमती चोपड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही नगर पालिका के इंजीनियर एवं कर्मचारियों को प्रीकास्ट बाउंड्री वॉल, सीसी रोड, पेवर ब्लॉक, शौचालय सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुक्तिधाम संवेदना से जुड़ा स्थान है। यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों की सुविधाओं के साथ-साथ सड़क, शौचालय और सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियों के सुरक्षित भंडारण की समस्या को देखते हुए नगर पालिका द्वारा ₹9 लाख की लागत से लकड़ी हाल का निर्माण कराया गया है। शेष आवश्यक विकास कार्य भी शीघ्र करवाए जाएंगे। नपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्यों के एस्टीमेट तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए, ताकि मुक्तिधाम में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा सके। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका की उपयंत्री श्रीमती अनु सोलंकी, श्री अर्जुन राठौर तथा मुक्तिधाम समिति के श्री विमल गर्ग, श्री मंगलेश गर्ग, श्री नरेंद्र मंगल, श्री मनोज शर्मा, श्री मनोज खंडेलवाल, श्री चिंटू परवानी, श्री सुभाष बिंदल, श्री कालू लोधा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। |