रतलाम/रिंगनोद। सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले और शैक्षणिक व्यवस्थाएं बेहतर रहें, इसके लिए प्रशासन की निगरानी कितनी जरूरी है, इसकी बानगी शुक्रवार को रिंगनोद में देखने को मिली। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जन विश्वास शिविर के बाद कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने पीएम श्री एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिंगनोद का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय में व्यवस्थाएं असंतोषजनक मिलने और विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत पुस्तकों का वितरण नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैशाली जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने विद्यालय भवन की स्थिति का जायजा लिया। भवन की स्थिति जर्जर पाए जाने और विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं होने पर उन्होंने चिंता जताई। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को नवीन विद्यालय भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि बजट उपलब्ध होने के बाद भवन निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सके।
पुस्तकों का वितरण अधूरा, कलेक्टर ने मांगी जांच
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। कलेक्टर ने उपलब्ध पुस्तकों और विद्यार्थियों को वितरित की गई पुस्तकों की जानकारी ली। इस दौरान सामने आया कि विद्यालय में अब तक शत-प्रतिशत पुस्तक वितरण नहीं हुआ है। इस स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को पुस्तक वितरण की वास्तविक स्थिति की जांच करने और लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को शासन की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली पाठ्य सामग्री समय पर मिलना आवश्यक है। पुस्तकों के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों को भी व्यवस्थित तरीके से संधारित रखने के निर्देश दिए।
साइकिल वितरण में भी मिली कमी
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कुछ विद्यार्थियों को साइकिलों का वितरण किया जाना शेष पाया गया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित साइकिलों का वितरण शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
निरीक्षण से शिक्षा विभाग में जवाबदेही का संदेश
पीएम श्री विद्यालय जैसे संस्थानों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, पर्याप्त संसाधन और विद्यार्थियों को योजनाओं का समय पर लाभ मिलना अपेक्षित है। ऐसे में भवन की जर्जर स्थिति, पुस्तकों का अधूरा वितरण और साइकिल वितरण लंबित रहना व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है।
कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने विद्यार्थियों को शासन की सुविधाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। अब जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जांच और प्रशासन के निर्देशों के पालन के बाद यह स्पष्ट होगा कि विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं और पुस्तक वितरण में सामने आई कमी के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत