रतलाम
रतलाम जिले के नामली क्षेत्र में गोपनीय शिकायत के आधार पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखे गए गैस सिलेंडरों का भंडारण पकड़ा है। कलेक्टर श्रीमती मीशा सिंह के निर्देश पर रतलाम ग्रामीण तहसीलदार आशीष उपाध्याय के नेतृत्व में खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने महू रोड स्थित शहजाद मंसूरी के यहां दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से अलग-अलग कंपनियों के कुल 31 गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें भारत गैस के 21, एचपी के 4, इंडियन आर्मी के 5 और रिलायंस कंपनी का 1 सिलेंडर शामिल है। जब्त किए गए सिलेंडरों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 87,780 रुपये बताई जा रही है।
कार्रवाई के समय नामली थाना प्रभारी मुकेश चौहान, गायत्री सोनी सहित पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों ने सिलेंडरों की गिनती और जांच की प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और व्यापार नियमों के विरुद्ध है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हाल ही में जिले के कई क्षेत्रों से गैस सिलेंडर की बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित होने और कुछ उपभोक्ताओं की बुकिंग बंद होने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि गैस से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।