|
नीमच। जवाहर नगर में दिनदहाड़े हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो अंतरराज्यीय चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना नीमच केंट और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे जवाहर नगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने एक अकेली महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से करीब दो तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद थाना नीमच केंट में अपराध क्रमांक 73/26 धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी नीमच केंट और सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मंदसौर, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा और झालावाड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में आरोपियों की पहचान के प्रयास किए। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने घटना में जिस मोटरसाइकिल का उपयोग किया था, वह कोटा निवासी पुष्पेन्द्र शर्मा के नाम से पंजीकृत है। तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में पुष्पेन्द्र शर्मा और दीपक मीणा शामिल थे। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे के लिए पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फिर से वारदात करने के इरादे से 7 मार्च को नीमच आए थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते वे वारदात नहीं कर सके और पीछा करने पर रामपुरा के आगे जंगलों में मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार दबिश देते हुए 8 मार्च को गांधीसागर क्षेत्र में आरोपियों का पीछा किया, जहां बैंसला के जंगलों में सर्चिंग अभियान चलाकर पुष्पेन्द्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी दीपक मीणा जंगल का फायदा उठाकर भाग निकला। बाद में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कोटा पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दीपक मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (RJ-20-BB-6072) जब्त की है। पुलिस के अनुसार पुष्पेन्द्र शर्मा पर राजस्थान के कोटा और भीलवाड़ा जिलों में चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, जेल अधिनियम और आबकारी अधिनियम सहित कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दीपक मीणा पर कोटा और टोंक जिलों में हत्या के प्रयास, चोरी और आबकारी अधिनियम के 4 मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच केंट निरीक्षक निलेश अवस्थी, सायबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे, थाना प्रभारी रामपुरा उप निरीक्षक विपीन मसीह सहित थाना नीमच केंट, सायबर सेल और रामपुरा पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा। |