|
नीमच : जिला कलेक्टर द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता का शनिवार अभियान के तहत नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया ने शनिवार को उपनगर बघाना क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान गणेश स्कूल क्षेत्र में सफाई कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए, वहीं लगातार अनुपस्थित रहने वाले चार लापरवाह कर्मचारियों को कार्य से बंद करने के आदेश भी जारी किए गए। गौरतलब है कि जिला कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा जिले की सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को प्रत्येक शनिवार अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करने तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत सीएमओ श्रीमती बामनिया द्वारा नियमित रूप से शनिवार सहित अन्य दिनों में भी शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है। शनिवार को निरीक्षण के दौरान श्रीमती बामनिया बघाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं और सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर की जांच की तथा कुछ स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर स्वच्छता पर्यवेक्षक और स्वच्छता जनसेवकों को नालियों और सड़कों की नियमित सफाई करने तथा समय पर कचरा उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वे बघाना स्थित गणेश स्कूल क्षेत्र में भी पहुंचीं, जहां घरों के बाहर और नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण से सफाई कार्य प्रभावित हो रहा था। इस पर उन्होंने रहवासियों को समझाइश देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना है तो घरों के बाहर और नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को तुरंत हटाएं, ताकि नालियों की व्यवस्थित सफाई हो सके। उन्होंने अधीनस्थ अमले को निर्देशित किया कि यदि नागरिक स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर पालिका के संसाधनों से अतिक्रमण हटाया जाए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक श्री भेरूलाल अहीर और अविनाश घेँघट भी उपस्थित रहे। |