रतलाम / रिंगनोद (माननखेड़ा)
रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार एवं एसडीओपी जावरा श्री संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना रिंगनोद और पुलिस चौकी माननखेड़ा की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 की रात्रि में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोलेरो पिकअप (क्रमांक MP46ZC7839) में सवार तीन व्यक्ति मंदसौर की ओर से MD ड्रग्स लेकर आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने माननखेड़ा चौकी के सामने फोरलेन रोड पर घेराबंदी की और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान वाहन में सवार सुमित (20), प्रकाश (19) और रिहान (19), निवासी मंदसौर के कब्जे से 500 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही करीब 5 लाख रुपये कीमत का वाहन भी जब्त किया गया। कुल जब्त मशरूका लगभग 55 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे मादक पदार्थों की सप्लाई चेन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उपनिरीक्षक राजेश मालवीय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
क्राइम रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत