|
|
नीमच । प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने गुरुवार को नीमच जिले की रामपुरा तहसील के ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको पम्प हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मंत्री श्री शुक्ला ने प्रोजेक्ट स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्यों, तकनीकी व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। ग्रीनको परिसर में आयोजित बैठक में पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की वर्तमान स्थिति, निर्माण प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा सभी पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इस अवसर पर एसडीएम सुश्री किरण आजना, जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी श्री राजेन्द्र गोयल, आरयूएमएसएल के श्री अनीश कंसाना एवं श्री पंकज तिवारी सहित अक्षय ऊर्जा, लोक निर्माण, राजस्व एवं विद्युत विभाग के अधिकारी तथा ग्रीनको परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि खिमला में निर्माणाधीन यह ग्रीनको पम्प हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट प्रदेश की महत्वपूर्ण ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल है, जो भविष्य में ऊर्जा भंडारण एवं हरित ऊर्जा उत्पादन को नई दिशा प्रदान करेगा। |