रतलाम
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना रिंगनोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये कीमत की 100 ग्राम एम.डी. ड्रग्स जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावरा श्री संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद के नेतृत्व में चौकी प्रभारी उनि रघुवीर जोशी ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 9 जून 2026 को महू-नीमच फोरलेन हाईवे स्थित बरखेड़ी फंटा ढोढर पर घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए अरबाज पिता हुसैन खां मेवाती (22 वर्ष), निवासी चुना भट्टा के पास, दलौदा, जिला मंदसौर तथा मंगलेश पिता जीता भाई हटीला (23 वर्ष), निवासी इंदिरा आवास, दलौदा, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया। तलाशी और तौल की कार्रवाई के दौरान दोनों के कब्जे से 100 ग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ के दौरान पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले में विष्णु निवासी दलौदा, जिला मंदसौर को फरार आरोपी बनाया गया है, जिसकी तलाश जारी है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद, उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, प्रधान आरक्षक सुधीरसिंह राठौर, आरक्षक रविन्द्रसिंह, आरक्षक नरेन्द्रसिंह जगावत, आरक्षक शोभाराम शर्मा, महिला आरक्षक निशा दंडिग एवं सैनिक छत्रपालसिंह की सराहनीय भूमिका रही।
Crime reporter Jitendra Kumawat