|
|
मंदसौर। पुलिस ने सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार पर अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एमडी (MD) ड्रग निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 13 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग, 9 किलो 109 ग्राम रासायनिक पदार्थ (केमिकल) तथा ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाले अत्याधुनिक उपकरण जब्त किए हैं। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिलने के बाद थाना नई आबादी और मल्हारगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बाजखेड़ी स्थित एक खेत पर बने पक्के मकान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस के सामने चौंकाने वाला खुलासा हुआ। खेत के बीच संचालित इस गुप्त फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर सिंथेटिक ड्रग्स तैयार की जा रही थी। मौके से एमडी ड्रग के अलावा केमिकल, स्टील के बड़े मटके, सेंट्रीफ्यूगल मशीन, इलेक्ट्रिक इंडक्शन, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, हैलोजन लाइटें, प्लास्टिक कंटेनर और अन्य उपकरण बरामद किए गए, जिनका उपयोग ड्रग निर्माण और उसे सुखाने की प्रक्रिया में किया जाता था। पुलिस ने मामले में सदाकत पिता लियाकत खान 41 वर्ष निवासी अरोरा कॉलोनी, पटेल नगर, संजीत नाका मंदसौर तथा आरिफ पिता न्याज अजमेरी 33 वर्ष निवासी बाजखेड़ी, मंदसौर को गिरफ्तार किया है। वहीं ताहिर पिता फकरुद्दीन अजमेरी, निवासी बाजखेड़ी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इस संबंध में थाना नई आबादी में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत 8/22/25/29 एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स के निर्माण, परिवहन और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस अवैध कारोबार के तार अन्य जिलों और राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने में मल्हारगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल रघुवंशी, नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर, शामगढ़ थाना प्रभारी उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, बूदा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत और उप निरीक्षक विनय बुंदेला थाना वायडी नगर पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। रिपोर्ट : कमलेश जी शर्मा |