|
|
मनासा/नीमच। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत मनासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर नाबालिग अपहृत बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को फरियादी ने थाना मनासा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पोती सहेली के घर पढ़ने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर थाना मनासा में अपराध क्रमांक 322/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर विभिन्न क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी: हरिश तम्बोली, पिता सोहनलाल तम्बोली, निवासी कुकड़ेश्वर। सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में निरीक्षक निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक सपना राठौर, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप कुमार तथा प्रधान आरक्षक सपना शक्तावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। |