रतलाम। रतलाम जिले में सराफा व्यापारी के घर हुई दिनदहाड़े फायरिंग के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए कथित 40 लाख रुपये की सुपारी एक करोड़ रुपये की वसूली की साजिश और MCX लेनदेन विवाद से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में बजरंग दल के पूर्व नेता विनोद उर्फ वीनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अब तक कुल 10 आरोपी जेल पहुंच चुके हैं।
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को डीडी नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर स्थित सराफा व्यापारी कमल जैन के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग की थी। गोली खिड़की को चीरते हुए अंदर पहुंची लेकिन कमल जैन की पत्नी मनीषा जैन समय रहते झुक गई जिससे बड़ा हादसा टल गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
जांच में सामने आया कि सरवन निवासी आदित्य सोमानी और दिव्यांश जैन के बीच MCX ट्रेडिंग और शेयर मार्केट के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद में एक करोड़ रुपये की वसूली के लिए विनोद उर्फ वीनू शर्मा ने 40 लाख रुपये की कथित सुपारी पर पूरी साजिश रची और शूटरों की व्यवस्था कर व्यापारी परिवार पर दबाव बनाने के लिए फायरिंग करवाई गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 6 जून को व्यापारी के घर पहुंचकर धमकी दी गई थी तथा 13 जून को दिव्यांश जैन को बाजार में बुलाकर दोबारा दबाव बनाया गया। इसके बाद 19 जून को फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।
इस मामले में फायरिंग करने वाला विनीत उर्फ चुचू बड़गोतिया बाइक चालक भोला पाटीदार योगेंद्र सिंह चौहान उर्फ गोलू बाबा विकास टांक अर्जुन सिसोदिया कन्हैयालाल सोलंकी रवींद्र राजन अजय चौहान उर्फ गट्टू और सिराज खान सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। विकास टांक और योगेंद्र सिंह चौहान पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की गई है।
फरार चल रहे विनोद उर्फ वीनू शर्मा और उसके साथी अजय उर्फ अज्जू यादव पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस थाना दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव के अनुसार दोनों गुजरात के सोमनाथ राजस्थान के मंडफिया होशंगाबाद देवास और इंदौर सहित कई स्थानों पर लगातार ठिकाने बदलते रहे। आखिरकार सागोद और मोरवनी के बीच निर्माणाधीन क्षेत्र के पास पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के प्रयास में दोनों गिरकर घायल हो गए जिसके बाद विनोद उर्फ वीनू शर्मा का मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
पुलिस थाना सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया ने थाने में दर्ज MCX प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने आदित्य सोमानी के मोबाइल और डिजिटल डाटा की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि मोबाइल से कई आईडी संचालित होने तथा करोड़ों रुपये के संदिग्ध डिजिटल ट्रांजेक्शन के संकेत मिले थे। डिलीट किए गए डाटा को साइबर टीम रिकवर करने का प्रयास कर रही है। बैंक खातों यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी गहन जांच जारी है।
इधर शनिवार को विनोद उर्फ वीनू शर्मा और उसके साथी अजय उर्फ अज्जू यादव को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों का पुलिस रिमांड लेने का प्रयास करेगी। माना जा रहा है कि रिमांड मिलने के बाद 40 लाख रुपये की कथित सुपारी फायरिंग की साजिश हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों फरारी के दौरान संपर्क में रहे सहयोगियों और पूरे नेटवर्क को लेकर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों मोबाइल डाटा बैंक खातों और अन्य आर्थिक लेनदेन की भी गहराई से जांच कर रही है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत