|
|
सिंहस्थ 2028 को दृष्टिगत रखते हुए उपयुक्त एवं सुविधाजनक पड़ाव स्थल के प्रस्ताव तैयार कर भेजें- श्रीमती यादव आगर-मालवा : सिंहस्थ 2028 में बड़ी संख्या में विभिन्न स्थानों व शहरों से आगर होकर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के पडाव (हाल्ट) के लिए आगर मालवा जिले में विभिन्न स्थानों पर सर्व सुविधा युक्त पडाव स्थल विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजें । इन पडाव स्थलों पर सुगम आवागमन, प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश,सुविधाघर, छाया के लिए टेन्ट, चाय, नाश्ता, भोजन की सुविधा आदि का प्रावधान भी प्रस्ताव में शामिल करे। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी, जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी एवं एसडीएम श्रीमिलिंद ढ़ोके, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाह व अन्य अधिकारियों के साथ तनोडिया के मंडी परिसर एवं मंडी परिसर के समीप उपलब्ध भूमि पर प्रस्तावित पडाव स्थल निर्माण के लिए निरीक्षण कर अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को इन पडाव स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए सिंहस्थ मद से प्रस्ताव तैयार करवाकर भिजवाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्रीमती यादव एवं एसपी श्री सोनी ने एसडीएम कार्यालय उज्जैन रोड आगर पर एमपीआईडीसी के समीप खुली उपलब्ध जमीन का निरीक्षण कर उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पडाव स्थल विकसित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पड़ाव स्थल,सभी प्रमुख मार्गो/रुट पर चिन्हित किया जाए । जिले के सभी रुट एवं मार्गो से आने वाले वाहनों, श्रद्धालुओं के ठहरने की और पार्किंग की सुविधा उपलब्ध हो । पड़ाव स्थल पर वाहनों के प्रवेश एवं निकासी की सुविधाजनक व्यवस्था हो, श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो । इस भ्रमण के दौरान सहायक संचालक जिला जनसंपर्क कार्यालय श्री जगदीश चंद्र मालवीय, तहसीलदार श्री विजय सेनानी, सीएमओ श्री कुशाल सिंह डोडवे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। |