|
|
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश नीमच : जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के शत-प्रतिशत पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को समयबद्ध एवं परिणाममूलक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्लास्टिक मुक्त नीमच के निर्माण के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्तर पर गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा कचरा संग्रहण वाहनों में भी पृथक संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित हो। सभी नगरीय निकाय 15 दिवस के भीतर बल्क वेस्ट जनरेटर्स का चिन्हांकन कर उनकी अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा बंद पड़े कम्पोस्ट प्लांटों को शीघ्र संचालित करें। प्रत्येक परिवार को दो डस्टबिन के उपयोग के लिए प्रेरित करने, प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध सघन जब्ती एवं चालानी कार्रवाई तथा बाजारों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए व्यापारिक संगठनों के सहयोग से अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने सार्वजनिक स्थानों, सड़कों एवं बाजारों में कचरा फैलाने वालों पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई तेज करने, चिन्हित कचरा प्रभावित स्थलों पर सात दिवस के भीतर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक अपने क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रामपुरा ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण कर पाई गई लापरवाही के संबंध में संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए साथ ही उन्होंने मनासा एसडीएम पर भी कार्यवाही नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में स्वच्छता शपथ एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने, विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक बनाने तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि बायो-मेडिकल अपशिष्ट किसी भी स्थिति में नगरीय निकायों के ट्रेंचिंग ग्राउंड अथवा अन्य स्थानों में न डाला जाए तथा उसका निर्धारित मानकों के अनुसार पृथक निस्तारण किया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी अस्पतालों के बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण सम्बन्धी जांच के भी निर्देश दिए।सभी अनुविभागीय अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमों के पालन की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, जावद एसडीएम श्री संजीव साहू, मनासा एसडीएम सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद डामोर, सीएमएचओ डॉ.दिनेश प्रसाद एवं समस्त नगरीय निकाय के सीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। |