|
|
सागर जिले के खुरई क्षेत्र स्थित सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विगत दिवस एक युवक इलाज कराने अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि अस्पताल में पदस्थ स्टाफ नर्स ने उसे सेफ्ट्रियाक्सोन (Ceftriaxone) इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। पीड़ित युवक के परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन गलत तरीके से लगाए जाने के कारण उसकी स्थिति गंभीर हो गई। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), सागर से पूरे मामले की जांच कराकर की गई कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन दो सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आयोग जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा। |