|
|
रतनगढ़ । जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम के अलावा एक होंडा सीबी ट्विस्टर मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत रतलाम रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक, नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी जावद के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2026 को जाट पुलिस चौकी की टीम रतनगढ़-जाट रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल सहित रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी टी-शर्ट के नीचे छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की थैली से 2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंशुल पुत्र जगदीशचंद्र धाकड़ (24 वर्ष), निवासी ग्राम सुखपुरा, तहसील बिजौलिया, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह अफीम किससे लेकर आया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था। मामले में अन्य आरोपियों को भी सह-आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 12.25 लाख रुपये मूल्य की 2 किलो 225 ग्राम अवैध अफीम, लगभग 30 हजार रुपये कीमत की बिना नंबर की होंडा सीबी ट्विस्टर मोटरसाइकिल तथा 25 हजार रुपये कीमत का एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर, जाट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह राठौर एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। Hemant Gupta - 8959884334, 8959059983 |