|
|
प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने सुसनेर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का किया अनावरण मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने का किया आह्वान आगर-मालवा : केंद्र एवं प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया गया है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। यह बात मध्यप्रदेश शासन के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं आगर-मालवा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने रविवार को सुसनेर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने सुसनेर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर नगर परिषद द्वारा स्थापित एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर परिषद अध्यक्ष श्री प्रदीप सोनी ने प्रभारी मंत्री श्री चौहान का पुष्पमाला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर श्री जयदीप पटेल, जिला अध्यक्ष श्री ओम मालवीय, पूर्व विधायक श्री बद्रीलाल सोनी, श्री लालजी राम मालवीय, नगर पालिका आगर अध्यक्ष श्री नीलेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं विचारों का स्मरण करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्रहित को केंद्र में रखते हुए एकात्म मानववाद का दर्शन दिया। उनका ‘अंत्योदय’ का विचार आज भी शासन की जनकल्याणकारी नीतियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी भावना के साथ सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने कहा कि सुसनेर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित होना क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का विषय है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों, आदर्शों एवं राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरणा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सुसनेर एवं आगर-मालवा जिले के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जनविश्वास शिविरों में समस्याओं का होगा निराकरण प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत आयोजित जनविश्वास शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभ से वंचित पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से आह्वान किया कि वे मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखें तथा पात्रता के अनुसार शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। डिवाइडर रोड के लिए शासन स्तर पर हरसंभव प्रयास का आश्वासन प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने नगर परिषद अध्यक्ष की मांग पर डाक बंगला से हाथी दरवाजा तक डिवाइडर रोड निर्माण के संबंध में शासन स्तर से हरसंभव प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया। |