रतलाम। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व को लेकर रतलाम शहर देशभक्ति के रंग में रंगने को तैयार है। आजादी के उत्सव को यादगार बनाने के लिए जिला अभिभाषक संघ एवं तिरंगा यात्रा समिति रतलाम द्वारा 14 अगस्त 2026 को भव्य तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली में अधिवक्ताओं के साथ न्यायिक परिवार के सदस्य और राष्ट्रप्रेमी नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजन का मुख्य संदेश हर वाहन पर तिरंगा — हर दिल में राष्ट्रप्रेम रहेगा।
रैली में शामिल होने के लिए दोपहर 2 बजे अम्बेडकर ग्राउंड पर एकत्रीकरण रखा गया है। इसके बाद दोपहर 3 बजे न्यायालय तिराहा से तिरंगा वाहन रैली का शुभारंभ होगा। रैली का शुभारंभ प्रधान सत्र न्यायाधीश महोदया नीना आशा पुरे एवं जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष राकेश शर्मा द्वारा किया जाएगा।
रैली न्यायालय तिराहा से प्रारंभ होकर छत्रीपुल नगर निगम नाहरपुरा डालुमोदी बाजार दौलतगंज घांस बाजार चौमुखी पुल चांदनी चौक तोपखाना गणेश देवरी रानीजी का मंदिर शहर सराय महाराणा प्रताप चौक लोकेन्द्र टॉकीज न्यू रोड दो बत्ती और महाराजा सज्जन सिंह चौराहा होते हुए जिला पंचायत तिराहा पहुंचेगी। यहां वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ रैली का समापन किया जाएगा।
आयोजकों ने सभी अधिवक्ताओं से पूर्ण गणवेश एवं अनुशासन के साथ रैली में शामिल होने की अपील की है। साथ ही शहर के देशभक्त नागरिकों से अपने वाहनों पर तिरंगा लगाकर रैली में सहभागिता करने का आह्वान किया गया है।
जिला अभिभाषक संघ के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। तिरंगे से सजे वाहनों का कारवां जब शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरेगा तो रतलाम में देशभक्ति का जोश देखते ही बनेगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत