रतलाम / सैलाना । सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व में भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा ने रतलाम जिले में संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और समाज के अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की रणनीति के तहत महावीर निनामा को भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा रतलाम का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।
रतलाम के डोंगरे नगर में आयोजित बैठक में आदिवासी परिवार के विभिन्न विंगों की जिला इकाइयों के संयोजकों, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में संगठन विस्तार को लेकर चर्चा हुई। सभी की आम सहमति के बाद प्रदेश संयोजक ध्यानवीर डामोर ने महावीर निनामा के सामाजिक सरोकारों, सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें रतलाम जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी।
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार की सक्रिय राजनीतिक भूमिका और नेतृत्व में भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा द्वारा जिले में संगठन को मजबूत करने की कवायद को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन अब रतलाम जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी में है। इसके तहत युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने के साथ स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाने की रणनीति पर काम किया जाएगा।
नवनियुक्त जिला संयोजक महावीर निनामा ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठाने के साथ जिले में संगठन की मजबूत टीम तैयार की जाएगी। उन्होंने युवाओं से भी सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश संयोजक ध्यानवीर डामोर, सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार, झाबुआ के सचिन गामड़, विद्यार्थी मोर्चा के प्रदेश संयोजक दिनेश माल, ईश्वर गरवाल, संदीप वसुनिया सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत