मंदसौर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मंदसौर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नई आबादी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 190 ग्राम MD ड्रग्स और 3.6 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में नई आबादी थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
जानकारी के मुताबिक 1 सितंबर 2026 को थाना नई आबादी पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ लेकर क्षेत्र में सक्रिय हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने नाजिश पिता मेहबुब खां मुसलमान 19 वर्ष निवासी नयापुरा व शाहरुख पिता मेहबुब खां मुसलमान 28 वर्ष निवासी नयापुरा मंदसौर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 190 ग्राम MD ड्रग और 3.6 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। इसके अलावा टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक MP14 NB 5124 जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये तथा दो एप्पल और एक सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत करीब 1.70 लाख रुपये बताई गई है।
मामले में पुलिस ने अय्युब पठान निवासी हथुनिया राजस्थान को भी आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार है। थाना नई आबादी पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 150/26 दर्ज कर धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि MD ड्रग और डोडाचूरा आरोपियों के पास कहां से पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।