|
गुणवत्ता और स्वच्छता पर जोर.... मंदसौर। जिले के जनपद पंचायत गरोठ के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरखेड़ा गंगासा में इन दिनों विकास कार्यों को लेकर नई ऊर्जा और गति देखने को मिल रही है। सरपंच प्रतिनिधि रामदयाल धाकड़ की कार्यशैली और दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते गांव की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। बुनियादी ढांचे से लेकर स्वच्छता और जनसुविधाओं तक बदलाव से गांव की दिशा और दशा दोनों संवर गई हैं। गांव के हर गली-मोहल्ले में गुणवत्तापूर्ण पक्का सीसी रोड का निर्माण कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को कीचड़ और धूल से राहत मिली है। इसके साथ ही जल संकट दूर करने के लिए नल-जल योजना को धरातल पर उतारकर घर-घर तक शुद्ध पेयजल की पहुंच सुनिश्चित की गई है। गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शहरों की तर्ज पर बरखेड़ा गंगासा में भी कचरा गाड़ी की व्यवस्था की गई है, जो कचरा एकत्र करती है। इस पहल से गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी से निजात मिलेगी। वर्षों से ध्यान देने योग्य मुक्तिधाम परिसर का कायाकल्प कर उसे सर्वसुविधायुक्त बनाया गया है। पहुंच मार्ग, शेड और पेयजल की समुचित व्यवस्था होने से अब ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान आने वाली कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होने पर ग्राम पंचायत बरखेड़ा गंगासा के सरपंच प्रतिनिधि रामदयाल धाकड़ एवं सचिव प्रेम गायरी के प्रति ग्रामीणों ने गहरा आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का मानना है कि बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से गांव में जीवन स्तर बेहतर हुआ है और गांव के विकास को एक नई पहचान मिल रही है। गरोठ बरखेड़ा गंगासा से विनोद धाकड़ की रिपोर्ट |