रतलाम /सरसी। खेल प्रतिभाओं के लिए ग्रामीण अंचल से लगातार नई उम्मीदें सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरसी के प्रतिभावान छात्र राजपाल सिंह ने कबड्डी के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए संभाग स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। राजपाल सिंह अब 19 वर्ष आयु वर्ग में संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में रतलाम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संभाग स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 7 सितंबर को कन्नौज, देवास में किया जाएगा। प्रतियोगिता में रतलाम जिले की टीम पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। टीम में राजपाल सिंह का चयन उनके उत्कृष्ट खेल कौशल, मेहनत और जिला स्तरीय प्रतियोगिता में किए गए शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
गौरतलब है कि 24 अगस्त को रतलाम में आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में राजपाल सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। मैदान पर उनके दमदार खेल और प्रभावी प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन संभाग स्तरीय टीम के लिए किया गया। राजपाल सिंह की इस सफलता से उनके विद्यालय सहित सरसी क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
राजपाल सिंह की उपलब्धि पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरसी की प्राचार्या भारती भावसार, जिला क्रीड़ा अधिकारी दिपेंद्र सिंह ठाकुर एवं खेल शिक्षक नवीन सोलंकी ने उन्हें बधाई दी और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
रतलाम जिले की टीम का नेतृत्व जनरल मैनेजर अशोक व्यास करेंगे, जबकि टीम के कोच के रूप में नारायण चौधरी एवं हार्दिक कुरुवारा अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
राजपाल सिंह के चयन पर विद्यालय परिवार के साथ ही प्रदीप सिंह पवार, अशोक मुजाल्दे, देवेंद्र प्रताप सिंह राठौर, राजेंद्र सिंह राठौड़, शिल्पा जोशी, तेजपाल मौर्य, महेश कुमार बैरागी, चेनीराम राठौर सहित अन्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
विद्यालय परिवार ने कहा कि राजपाल सिंह का संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन सरसी क्षेत्र और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरसी के साथ-साथ पूरे रतलाम जिले के लिए गौरव का विषय है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर रतलाम जिले का नाम रोशन करेंगे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत