|
जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित नीमच । अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन, उज्जैन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने आवेदकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर के साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी आयोजित किया गया। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 19 शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण कर शिकायतें बंद करवाई गईं। जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान लगभग 58 फरियादियों एवं आवेदकों ने पुलिस अधीक्षक श्री व्यास के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखीं। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों का समय पर एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित मामलों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना क्षेत्रों में समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित करने के लिए भी कहा गया। शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद श्री हर्ष राठौर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकीता सिंह, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुश्री दिव्या चन्द्रवंशी, समस्त थाना प्रभारी एवं प्रभारी अधिकारी, संबंधित शाखा प्रभारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे। |