सरवन/रतलाम
सरवन थाना क्षेत्र से गुजर रहे रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में 6 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा आम्बाकुड़ी स्कूल के पास उस समय हुआ, जब बच्ची स्कूल की छुट्टी के बाद सड़क किनारे-किनारे अपने घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रतलाम की ओर से आ रही 108 एम्बुलेंस ने बच्ची को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद एम्बुलेंस चालक घायल बच्ची को सरवन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, लेकिन उसे अस्पताल में छोड़कर वहां से फरार हो गया ।
घायल बच्ची की पहचान पायल पिता किशन, उम्र 6 वर्ष, निवासी आम्बाकुड़ी निनामा के रूप में हुई है। अस्पताल में उसका पंजीयन क्रमांक 22856 दर्ज किया गया। घटना जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब 4:10 बजे आम्बाकुड़ी स्कूल के समीप हुआ।
सड़क किनारे चल रही थी बच्ची
घटना से संबंधित जानकारी के अनुसार पायल स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर लौट रही थी और सड़क के किनारे चल रही थी।
इसी दौरान रतलाम की ओर से आ रही 108 एम्बुलेंस की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद बच्ची घायल हो गई। बताया गया कि एम्बुलेंस चालक स्वयं घायल बच्ची को उठाकर सरवन के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, लेकिन बच्ची को अस्पताल में छोड़ने के बाद वहां से निकल गया। बाद में परिजनों को सुचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामवासी पहुंचे!
प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर
सरवन स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य एवं प्रशिक्षण केन्द्र/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्ची का उपचार किया गया। चिकित्सकीय पर्ची में मामला RTA (Road Traffic Accident) दर्ज किया गया है।
प्राथमिक उपचार के दौरान बच्ची को IV NS 100 ml और IV Ceftriaxone 250 mg दिया गया। सिर के एक्स-रे की सलाह भी दी गई। स्थिति को देखते हुए डॉ. रविंद्र कुमार डामोर ने बच्ची को आगे के उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज रतलाम (GMC) रेफर किया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की परिजन से मिली जानकारी मिलने के बाद सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया अस्पताल से परिजन लाए घायल बच्ची को थाने पर उस की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने हादसे में शामिल 108 एम्बुलेंस और उसके चालक के संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच प्रारंभ कर दी है।
अब पुलिस हादसे की परिस्थितियों, एम्बुलेंस की गति,
चालक की भूमिका और दुर्घटना के बाद उसके द्वारा उठाए गए कदमों की जांच कर रही है। साथ ही हादसे से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
6 वर्षीय बच्ची के सड़क हादसे में घायल होने की घटना ने आम्बाकुड़ी क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत