|
हादसे में प्रभावितों के परिवार जनों ने मुख्यमंत्री डॉ यादव प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन को त्वरित मदद के लिए दिया धन्यवाद, जताया आभार। आगर-मालवा : नलखेड़ा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में सभी मृतकों के परिजनों को प्रदेश शासन की ओर से कुल 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का भुगतान कर दिया गया है। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बताया कि हादसे में मृत प्रत्येक व्यक्ति के परिजन/वारिसान को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत एवं मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से सहायता राशि स्वीकृत कर उनके बैंक खातों में अंतरित कर दी गई है। प्रशासन द्वारा सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर त्वरित गति से भुगतान सुनिश्चित किया गया है। कलेक्टर ने इस दुखद हादसे पर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उड़ीसा निवासी मृतक श्री शिव प्रसाद बेहरा के भाई श्री निरंजन प्रसाद बेहरा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार उक्त हादसे में उड़ीसा निवासी सभी 7 मृतकों के परिजनों वारिसानों को को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता का भुगतान उनके खाते में प्राप्त हो गया है। इसके अतिरिक्त आगर जिले के निवासी एक मृतक के परिजन को भी राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का भुगतान संबंधित वारिसान के बैंक खाते में कर दिया गया है। इस हादसे में मृतक उड़ीसा निवासी शिव प्रसाद बेहरा के भाई श्री निरंजन प्रसाद बेहरा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में मृत उड़ीसा के सभी सात मृतकों के वारिसान के खाते में चार चार लाख रुपए की सहायता राशि प्राप्त हो गई है। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव , जिला कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना, एवं प्रदेश सरकार तथा जिला प्रशासन को त्वरित सहायता मिलने पर धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया है। |