|
ग्राम आमलिया में पुलिस की दबिश, अवैध शराब के परिवहन के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज रामपुरा। अवैध शराब के निर्माण एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए रामपुरा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए ग्राम आमलिया में दबिश दी। इस दौरान अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग 400 लीटर लहान बरामद कर मौके पर ही नियमानुसार नष्ट किया गया। वहीं, अवैध हाथ भट्टी की कच्ची शराब का परिवहन करते पाए जाने पर एक व्यक्ति के कब्जे से 10 लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं प्रभारी एसडीओपी मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसी क्रम में थाना प्रभारी रामपुरा निरीक्षक निलेश सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम आमलिया में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार लगभग 400 लीटर लहान बरामद हुआ, जिसे नियमानुसार मौके पर नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने महेश पिता रामनिवासी मेघवाल, उम्र 38 वर्ष, निवासी रामपुरा के कब्जे से 10 लीटर अवैध हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामपुरा निरीक्षक निलेश सोलंकी एवं थाना रामपुरा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। |