|
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान आगर-मालवा : मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने विकासखंड नलखेड़ा के ग्राम बोरखेड़ी का भ्रमण कर प्रगतिशील कृषक श्री शांतिलाल यादव के खेत में ड्रिप एवं मल्चिंग तकनीक से की जा रही पपीते की उन्नत खेती का अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान कलेक्टर ने पपीते की खेती की लागत, उत्पादन एवं विपणन से संबंधित जानकारी ली। कृषक श्री शांतिलाल यादव ने बताया कि उन्होंने वीएनआर किस्म के कुल 700 पपीते के पौधे लगाए हैं, जिसमें ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक का उपयोग किया गया है। प्रत्येक पौधे से 50 से 70 किलोग्राम उत्पादन अनुमानित है। बाजार में 20 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम भाव प्राप्त होने पर 10 से 11 लाख रुपये की सकल आय अपेक्षित है। इस खेती पर लगभग 02 से 02.5 लाख रुपये की लागत आई है, जिससे 7.5 से 8.5 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त होने की उम्मीद है। कलेक्टर डॉ. मीना ने जल संरक्षण की आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कम लागत में अधिक लाभ अर्जित करने के लिए कृषक के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पपीते के साथ अमरूद एवं पुष्प की मिश्रित खेती अपनाने की सलाह दी, जिससे आय के स्रोतों में वृद्धि होगी एवं जोखिम कम होगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, एसडीएम श्रीमती देव कुंवर सोलंकी, उपसंचालक उद्यानिकी श्री अर्जुन सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। |