|
जावद। श्रीमान् अमित नगायच, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जावद, जिला-नीमच द्वारा अपने निर्णय में थाना जावद क्षैत्र के अंतर्गत आने वाले श्री चारभुजानाथ मंदिर में रात्री के समय घुसकर घंटीयों एवं दानपेटी में रखे रूपयों की चोरी करने वाले दो आरोपीगण (1) विष्णु पिता मांगीलाल नायक, उम्र-45 वर्ष व (2) किशन पिता भंवरलाल नायक, उम्र-35 वर्ष, दोनों निवासी-ग्राम कचरियाखेड़ी, थाना निम्बाहेड़ा, जिला-चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को धारा 457, 380 भारतीय दण्ड संहिता, 1860 के अंतर्गत 01-01 वर्ष के सश्रम कारावास व 500-500 रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। प्रकरण में शासन की और से पैरवी करने वाले सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री सुखराम गरवाल द्वारा घटना की जानकारी देते हुवे बताया गया कि घटना लगभग 8 वर्ष पुरानी होकर दिनांक 18.11.2018 की देर रात्री के समय की थाना जावद क्षैत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नागदा स्थित श्री चारभुजानाथ मंदिर की हैं। मंदिर के पुजारी घीसालाल ने नयागांव चौकी उपस्थित होकर सूचना की वह एक दिन पहले रात्री को लगभग 10 बजे मंदिर का ताला लगाकर घर चला गया था, अगले दिन सुबह मंदिर पर पुजा करने गया तो देखा की मंदिर का ताला टूटा हुवा था तथा दानपेटी का भी ताला टूटा हुवा होकर उसका ढक्कन खुला हुवा था, जिसमें से लगभग 2000रूपये तथा मंदिर के दरवाजे के पास लगी पीतल की तीन घंटियो को कोई अज्ञात चोर चोरी करके ले गये थे। सूचना पर से अज्ञात आरोपी के विरूद्ध पुलिस थाना जावद में प्रथम सूचना रिपोर्ट पंजीबद्ध की गई। प्रकरण की विवेचना प्रधान आरक्षक सतीश हरित द्वारा की गई, जिन्होंने संदेह के आधार पर आरोपीगण से पुछताछ की गई, जिसमें प्राप्त जानकारी के आधार पर उनके कब्जे से मंदिर से चोरी गई घंटीया व चोरी गये रूपयों को जप्त किया गया और आवश्यक अनुसंधान के उपरांत अभियोग-पत्र जावद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। विचारण के दौरान अभियोजन द्वारा फरियादी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्षीगण की साक्ष्य करवाई जाकर उनके विरूद्ध अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कर उसकों कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपीगण कोे उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री सुखराम गरवाल द्वारा द्वारा की गई। |