|
नीमच। श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज नगर सभा नीमच द्वारा अन्नकूट महोत्सव एवं दीपावली मिलन समारोह नगर सभा भवन में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ गौतम ऋषि पूजन एवं आरती के साथ हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात समाज के आधार स्तंभ रहे स्वर्गीय डॉ. नरेंद्र प्रसाद शर्मा, स्वर्गीय माधवलाल श्रोत्रिय एवं स्वर्गीय रामदयाल जोशी का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आशीर्वचन की श्रृंखला में समाज के वरिष्ठ डॉ. सत्यनारायण जोशी ने सभी को दीपावली पर्व की मंगलकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता, पारिवारिक जुड़ाव एवं सामूहिक संकल्प शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। इंदौर से पधारे गोपाल कृष्ण पंचारिया ने भी सभी को शुभकामनाएं देते हुए नगर सभा की उन्नति एवं प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रोफेसर डॉ. संजय जोशी ने सामाजिक एकता का महत्व बताते हुए भारत की सांस्कृतिक विरासत, धर्म एवं पुरातन परंपराओं से जुड़े प्रेरणादायी दृष्टांत प्रस्तुत किए। नगर सभा महिला इकाई की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना जोशी ने समाजजनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए महिला इकाई द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं पूर्व प्राचार्य हरीश उपाध्याय ने उपस्थित सभी सदस्यों को आशीर्वचन प्रदान किए। नगर सभा अध्यक्ष डॉ. बृजेंद्र प्रसाद शर्मा ने अपने उद्बोधन में सामाजिक गतिविधियों एवं विकास कार्यों की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए समाजजनों से सहयोग एवं समर्थन की अपेक्षा व्यक्त की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत बिटिया जेनी जोशी ने हनुमान अंश के गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं श्रीमती प्रियंका रोहित शर्मा ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर नगर सभा भवन को भक्तिमय सुर लहरियों से गुंजायमान कर दिया। अंत में गौतम ऋषि को अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया तथा उपस्थित सभी समाजजनों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में नगर के बड़ी संख्या में वरिष्ठजन, पुरुष, मातृशक्ति एवं बच्चों ने सहभागिता की। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, पारिवारिक मिलन, संस्कृति एवं आत्मीयता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। |