बाबा महाकाल को बंधी सबसे पहली राखी, लगा सवा लाख लड्डूओं का भोग

Like 28 Views 525
SSE NEWS NETWORK (Ujjain) 11-08-2022 Regional

उज्जैन। धर्म नगरी  उज्जैन में रक्षा बंधन  त्यौहार  धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में सबसे अहम माने जाने वाले बाबा महाकाल के दरबार में आज सुबह तीन बजे भस्मारती के दौरान बाबा  को विशेष राखी  बांधी गई और सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगाया गया। ऐसी मान्यता है की बाबा महाकाल को सबसे पहले राखी बांधी जाती है। 

 श्रावण माह का आज अन्तिम दिन होने के कारण महाकालेश्वर मंदिर में  बाबा महाकाल की विशेष भस्मारती की गई।भस्मारती के पहले बाबा को जल से नहलाकर महा पंचामृत अभिषेक किया गया जिसमे दूध,दही ,घी ,शहद व फलो के रसो से अभिषेक हुआ। अभिषेक के बाद भांग और चन्दन से भोलेनाथ का आकर्षक श्रंगार किया गया और भगवान को वस्त्र धारण कराये गए। इसके बाद बाबा को भस्म चढाई गई। भस्मिभूत होने के बाद झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े व शंखनाद के साथ बाबा की भस्मार्ती की गई। भक्त आज के दिन का विशेष इंतजार करते हे इसलिए आज महाकाल के दरबार में सुबह से ही उत्साह और आनंद का माहोल हे।

आज रक्षाबंधन पर्व पर बाबा महाकाल को विशेष राखी बांधी गई। मान्यता है कि महाकाल की नगरी उज्जैन में हर शुभ कार्य की शुरुआत बाबा महाकाल के दरबार से होती है।  सुबह भस्मारती में श्रृंगार के बाद बाबा को राखी बांधी गई|  इस मौके पर बाबा  के दरबार में सवा लाख लुड्डुओं का महाभोग लगाया गया। इस भव्य भस्म श्रंगार और भोग के साथ महाआरती की गई। रक्षाबंधन की भस्मारती पर बड़ी संख्या में भक्त बाबा के दरबार में मौजूद थे। सदियों से चली आ रही परंपरा के तहत बाबा महाकाल के दरबार में  पण्डे पुजारियों द्वारा सबसे पहले राखी बांधकर विश्व कल्याण और रक्षा की कामना की गई।

रिपोर्ट : विनोद धाकड़