अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में घुसे भारत और चीन सेना के बीच हिंसक झड़प, कई जवान घायल

Like 3 Views 586
SSE NEWS NETWORK (Delhi) 12-12-2022 International

अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में एलएसी पर भारत और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आ रही है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में चीनी सैनिक एलएसी क्रॉस कर भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन भारतीय सेना के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए उन्हें खदेड़ दिया। सूत्र बताते हैं कि इस झड़प में दोनों तरफ की सेनाओं के जवान घायल हुए हैं।
सूत्रों ने बताया कि घटना 9 दिसंबर की है। घटना के बाद दोनों सेनाओं के बीच कमांडो लेवल पर फ्लैग मीटिंग भी हुई थी। झड़प के बाद दोनों देशों के सैनिक पीछे हटे। गौरतलब है कि सर्दियों के दिनों में चीनी सेना एलएसी पर घुसपैठ की कोशिश करती है। इससे पहले साल 2017 में भी चीनी सेना डोकलाम में अवैध रूप से घुस आई थी। तब कई दिनों तक डोकलाम में विवाद की स्थिति रही थी। लेकिन भारत सरकार और भारतीय सेना के मजबूत इरादों के बाद चीन को डोकलाम में पीछे हटना पड़ा था।
बता दें कि साल 2020 में लद्दाख के गलवान खाटी में चीनी सैनिकों ने एलएसी क्रॉस की थी, तब भारत और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस हिंसक झड़प में 40 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। गलवान में अभी भी दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है। ऐसे में एक बार फिर चीन ने उकसावे की कार्रवाई की है।
उल्लेखनीय है कि गलवान विवाद के बाद भारत और चीन के बीच कमांडो स्तर पर 17 बार वार्ता हो चुकी है लेकिन अभी तक कोई नतीजा नहीं निलक सका है। गलवान के बाद भारत और चीन के बीच रिश्ते सामान्य नहीं है। विदेश मंत्री एस जयशंकर कई मंचों से यह मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने चीन को सख्त संदेश देते हुए कहा कि एलएसी पर एकतरफा बदलाव स्वीकार्य नहीं होगा।
एलएसी पर भारत ने बढ़ाई चौकसी
चीन के नापाक इरादों को देखते हुए भारत ने लद्दाख में बड़ी संख्या में अपनी सेना को तैनात किया है। इसके अलावा, रडार सिस्टम, मिसाइल सिस्टम को भी एलएसी पर तैनात किया गया है। एलएसी पर भारतीय सेना के 1 लाख से अधिक जवान तैनात है, जो किसी भी समय चीन को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं।

रिपोर्ट : कमलेश शर्मा

प्रादेशिक