|
चीताखेड़ा। माता का खेड़ा स्थित आरोग्य देवी महामाया आवरी माताजी के 20वें विशाल मेले को लेकर तैयारियां चरम पर पहुंच गई हैं। मेला परिसर में झूले, चकरी, मनिहारी और खानपान की दुकानों से सजावट शुरू हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया है। राजस्थान के प्रतापगढ़-चित्तौड़गढ़, मध्य प्रदेश के नीमच-मंदसौर तथा गुजरात तक प्रसिद्ध इस आस्था स्थल पर आयोजित होने वाले नौ दिवसीय मेले के लिए सभी कार्यक्रम तय कर लिए गए हैं। मंगलवार को दुकानदारों को प्लॉट आवंटित कर दिए गए, जिसके बाद मेला परिसर में तेजी से निर्माण और सजावट का कार्य शुरू हो गया है। मेला स्थल पर कहीं बांस-बल्ली गाड़कर ढांचे तैयार किए जा रहे हैं, तो कहीं रंग-बिरंगी विद्युत सजावट की जा रही है। टेंट हाउस, पेंटर और झूला संचालक अपने-अपने कार्यों में जुटे हैं। मनोरंजन के लिए बड़े-बड़े झूले, ब्रेक डांस, ऑक्टोपस, हेलीकॉप्टर, मिकी माउस, जंपिंग जैक और रेल जैसे आकर्षक साधन लगाए जा रहे हैं। 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक चलने वाले इस मेले में स्वादिष्ट व्यंजनों की भी भरमार रहेगी। पावभाजी, चाट, भेलपुरी, पतासे, कुल्फी और ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर मेलार्थियों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। मंदिर समिति ट्रस्ट एवं मेला अध्यक्ष मनसुख जैन ने बताया कि इस वर्ष मेले का 20वां आयोजन विशेष आकर्षणों के साथ आयोजित किया जा रहा है। मां के दरबार को आकर्षक विद्युत सजावट से जगमगाया जाएगा और भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं को मोहित करेगा। मेले में धार्मिक भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी होंगी, जिनमें राजस्थान और मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध भजन गायक भाग लेंगे। हर वर्ष की तुलना में इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे मेला परिसर में उत्साह और रौनक चरम पर रहने की उम्मीद है। रिपोर्ट: दशरथ माली |