रतलाम/सरवन।
सरवन क्षेत्र के आमलिया पाड़ा बीड स्थित गांव आमलिया डोल में एक युवती की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका ममता (पिता–ईश्वर) की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, ममता एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी, लेकिन रात में घर वापस नहीं लौटी। सुबह परिजनों ने तलाश शुरू की तो पता चला कि वह समारोह स्थल से निकल चुकी थी। मृतका की छोटी बहन ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि रात के समय उसने ममता को चार युवकों द्वारा मारपीट करते हुए देखा था। आरोप है कि युवकों ने उसे धमकाकर वहां से भगा दिया।
परिजनों द्वारा बताए गए आरोपियों की सूचना पर जब ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, तो घटना स्थल से करीब 200-250 फीट दूर ममता का शव मिला। शव के गले में लाल दुपट्टा बंधा हुआ था और गला घोंटने के निशान के साथ नाखूनों के चोट के निशान भी पाए गए, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को लेकर धरना प्रदर्शन करते हुए रोड जाम कर दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस प्रशासन ने समझाइश देकर मामला शांत कराया और अंततः ममता का दाह संस्कार कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार ने सरवन थाने का दौरा किया और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
इस दौरान एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल, थाना प्रभारी सरवन एसआई गेंदालाल भूरिया, रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गडरिया, एसआई किशनलाल रजक, प्रधान आरक्षक संदीप भदौरिया, आरक्षक तूफान भूरिया सहित पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने भी परिजनों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
Crime reporter Jitendra Kumawat