|
|
नीमच । जिले में 20 मई 2026 को प्रस्तावित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी केमिस्ट बंद के बीच आमजन को राहत देने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी हैं। जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा जिलेभर के मेडिकल स्टोर्स बंद रखने की सूचना के बाद प्रशासन ने मरीजों को दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार बंद के दौरान जिले के सभी प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र नियमित रूप से खुले रहेंगे, जिससे आम लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इसके अलावा जिले के सभी निजी अस्पताल परिसरों में संचालित मेडिकल स्टोर्स भी भर्ती मरीजों को जरूरी दवाएं उपलब्ध कराते रहेंगे। प्रशासन और केमिस्ट एसोसिएशन के समन्वय से यह व्यवस्था तय की गई है। इन स्थानों पर मिलेगी इमरजेंसी दवा सुविधा नीमच शहर में आशा हॉस्पिटल, चोरडिया हॉस्पिटल, सुयश हॉस्पिटल, गर्ग हॉस्पिटल, पाटीदार बाल चिकित्सालय, पोरवाल चिकित्सालय, श्री राम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं उषा चिकित्सालय परिसर के मेडिकल स्टोर्स खुले रहेंगे। वहीं जिले के अन्य क्षेत्रों में भी कई मेडिकल स्टोर्स को आपातकालीन सेवा के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें सिंगोली का रवि मेडिकल स्टोर्स, झांतला का धन्वन्तरी मेडिकल स्टोर, रतनगढ़ का हकिमिया मेडिकल स्टोर, मोरवन का सोनी मेडिकल स्टोर, डीकेन का माहेश्वरी मेडिकल स्टोर, सरवानिया महाराज का दीपक मेडिकल, जावद का कमल केमिस्ट, नयागांव का अंकुर मेडिकल स्टोर्स, मनासा के पाटीदार मेडिकल्स एवं सहयोग मेडिकल, रामपुरा का आदर्श मेडिकल, कुकड़ेश्वर का प्रमोद मेडिकल, चिताखेड़ा का जैन मेडिकल तथा जीरन का टिपटॉप मेडिकल शामिल हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीजों को दवाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी और चिन्हित मेडिकल स्टोर्स आवश्यक सेवाएं जारी रखेंगे। |