रतलाम / नामली
बकरीद पर्व से पूर्व संभावित गौ तस्करी एवं गौ हत्या की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल प्रखंड नामली ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल के नाम थाना प्रभारी अमित कोरी को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन विश्व हिन्दू परिषद गौ रक्षा विभाग, मालवा प्रांत एवं देशी गौवंश रक्षण संवर्धन न्यास के आह्वान पर पूरे मालवा प्रांत में चलाए जा रहे अभियान के तहत दिया गया।
ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि बकरीद के अवसर पर प्रदेशभर में गौवंश तस्करी और अवैध गौ हत्या की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतते हुए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। ज्ञापन में कहा गया कि मध्यप्रदेश में गौवंश हत्या रोकने के लिए कठोर कानून होने के बावजूद कई स्थानों पर प्रशासनिक लापरवाही और मिलीभगत के कारण गौ तस्कर सक्रिय हैं, जिससे गौ रक्षा के लिए सामाजिक संगठनों को सड़कों पर उतरना पड़ता है।
प्रखंड गौ रक्षा प्रमुख लखनसिंह द्वारा ज्ञापन का वाचन किया गया। उन्होंने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति, कृषि और अर्थव्यवस्था का आधार है तथा गौ रक्षा राष्ट्र रक्षा के समान है। संगठन ने मांग की कि बकरीद के दौरान वाहनों में गौवंश परिवहन संबंधी किसी भी प्रकार की ढील न दी जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि राजस्थान और महाराष्ट्र की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी गौ माता को “राज्यमाता” का दर्जा दिया जाए तथा गौचर भूमि पर हुए अतिक्रमणों को तत्काल हटाया जाए।
इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष रामेश्वर धाकड़, उपाध्यक्ष विजय सिंह, कमलसिंह, प्रखंड मंत्री लखनसिंह कछावा डेलनपुर, संयोजक हरीश पाटीदार, आशीष, पुखराज, ईश्वर, अंकित, राजपाल, सोनू, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में विहिप-बजरंग दल एवं खंड समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यकर्ताओं ने गौ रक्षा के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल भी तैनात रहा।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत