|
|
मन्दसौर। पुलिस थाना गरोठ ने अवैध देशी कच्ची शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर अवैध हाथ भट्टी की कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जप्त शराब की अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक मन्दसौर विनोद कुमार मीणा द्वारा जिले में अवैध शराब तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उनि बलवीरसिंह यादव के निर्देशन में कार्रवाई की गई। दिनांक 24 मई 2026 को सउनि धन्नालाल योगी को मुखबिर से सूचना मिली कि उनारा का मार क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने खेत के कुएं पर बनी परछान में प्लास्टिक की केनों में अवैध कच्ची शराब रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल रूपरा फंटा भानपुरा रोड गरोठ पहुंची, जहां एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में प्लास्टिक की केनों के साथ बैठा मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अर्जुनसिंह पिता करणसिंह, उम्र 45 वर्ष, निवासी चिकनिया थाना गरोठ जिला मन्दसौर बताया। पुलिस द्वारा केनों की जांच करने पर उनमें हाथ भट्टी से बनी महुए की कच्ची शराब पाई गई। कुल 60 लीटर अवैध शराब जप्त की गई। साथ ही शराब बनाने में उपयोग होने वाला महुए का लहान भी बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) म.प्र. आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी: अर्जुनसिंह पिता करणसिंह, जाति सौंधिया राजपूत, उम्र 45 वर्ष, निवासी चिकनिया थाना गरोठ जिला मन्दसौर। जप्त मशरुका: 60 लीटर अवैध देशी कच्ची शराब, अनुमानित कीमत 6000 रुपये। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि बलवीरसिंह यादव एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। |