रतलाम
रतलाम शहर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही अब बेजुबान पशुओं की जान पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। वार्ड क्रमांक 24 के ज्योति नगर क्षेत्र में विद्युत पोल में करंट प्रवाहित होने से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वार्ड पार्षद सलीम मोहम्मद बागवान ने कलेक्टर रतलाम को विस्तृत शिकायत सौंपकर तत्काल जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद सलीम बागवान ने अपने आवेदन में बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। दो दिन पूर्व ही अशोकनगर क्षेत्र में इमली के नीचे चक्की वाली गली में करंटयुक्त विद्युत पोल की चपेट में आने से तीन महिलाएं और एक बकरा घायल हो गए थे। उस समय बड़ा हादसा टल गया, लेकिन बिजली व्यवस्था की खामियां उजागर हो गई थीं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पोरवालों का वास, आराधना भवन, शायर चबूतरा, शिक्षा विभाग परिसर और करमदी रोड सहित कई क्षेत्रों में पूर्व में भी करंट आने से गायों की मौत हो चुकी है। इन घटनाओं के विरोध में पार्षद द्वारा धरना-प्रदर्शन तक किया गया था, लेकिन हालात में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।
पार्षद ने आरोप लगाया कि विद्युत पोलों, स्ट्रीट लाइटों और बिजली लाइनों की नियमित जांच एवं रखरखाव नहीं होने के कारण शहर के कई हिस्सों में जानलेवा स्थिति बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी मासूम बच्चे, महिला या नागरिक की जान भी जा सकती है।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में घटनाओं की निष्पक्ष जांच, सभी विद्युत पोलों की तकनीकी जांच, दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई, मृत पशुओं के लिए मुआवजे और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
शहरवासियों का कहना है कि जब तक करंट वाले इन खतरनाक खंभों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक हर राहगीर और पशु मौत के साये में जीने को मजबूर रहेगा। अब सबकी निगाहें प्रशासन और बिजली विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत