जावरा/रतलाम
रतलाम जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भुतेड़ा टोल प्लाजा के समीप खड़ी पिकअप वाहन से शासकीय शराब की पेटियां चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया माल, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और कटर बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा श्री युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, 19 मई 2026 को फरियादी निखिल सिलोदिया पिता विक्रम सिलोदिया (22 वर्ष), निवासी ग्राम दताना, जिला उज्जैन ने थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उज्जैन-जावरा रोड स्थित भुतेड़ा टोल प्लाजा के पास खड़ी उसकी पिकअप से अज्ञात बदमाश चार पेटी शासकीय बीयर शराब चोरी कर ले गए हैं। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 262/2026 धारा 305(सी) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए। लगातार की गई पतारसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपी
अनीष पिता बबलू हाड़ा (21 वर्ष), निवासी कंजर डेरा उखेड़िया
रोहित पिता अशोक चौहान (24 वर्ष), निवासी कंजर डेरा उखेड़िया
राहुल पिता गोरिया कंजर (30 वर्ष), निवासी कंजर डेरा उखेड़िया
बरामदगी
चोरी की गई 4 पेटी बीयर शराब (कीमत लगभग ₹8 हजार)
वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹30 हजार)
चोरी के लिए इस्तेमाल किया गया कटर
पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उप निरीक्षक शिवेन्द्र कुमार, उप निरीक्षक प्रतापसिंह भदौरिया, सहायक उप निरीक्षक रावड़ी डामोर, प्रधान आरक्षक दिलीप शर्मा (276), हेमन्त लिम्बोदिया (78), शिवपाल सिंह (440) तथा आरक्षक हरदीप जाट (1046), दीपराज सिंह (517), बालकृष्ण (567) और अभिजीत सिंह (129) की भूमिका सराहनीय रही।
तेज कार्रवाई से पुलिस ने दिया स्पष्ट संदेश— अपराधियों के लिए जिले में अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं, चोरी की वारदातों पर नकेल कसने में जावरा पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
Crime reporter Jitendra Kumawat