रतलाम
रतलाम शहर में लगातार हो रही वाहन स्टेपनी चोरी की घटनाओं का आखिरकार पर्दाफाश करते हुए थाना स्टेशन रोड पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई स्टेपनियां, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा औजार बरामद किए हैं। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना स्टेशन रोड पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जनक अस्पताल के सामने खड़ी बोलेरो से हुई थी शुरुआत
31 मई को अशोक नगर निवासी अजमल खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी महिंद्रा बोलेरो लोडिंग वाहन जनक अस्पताल के सामने खड़ी थी, जिसकी स्टेपनी अज्ञात बदमाश चुरा ले गए। जांच के दौरान सब्जी मंडी क्षेत्र से भी कई वाहनों की स्टेपनियां चोरी होने की जानकारी सामने आई।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्टेशन रोड पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर करमदी रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातें कबूल कर लीं।
ये आरोपी गिरफ्तार
संदीप डामर (20) निवासी शंभूपाड़ा, जिला धार
वीरम मकवाना (19) निवासी शंभूपाड़ा, जिला धार
मनीष मईड़ा (22) निवासी शंभूपाड़ा, जिला धार
एक विधि विरुद्ध बालक
वहीं अंकित देवड़ा, राजेश चौहान और अर्जुन डामर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बरामद हुआ लाखों का माल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चार स्टेपनियां, एक हीरो मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। आरोपियों ने सब्जी मंडी क्षेत्र से भी तीन स्टेपनियां चोरी करना स्वीकार किया है, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्रसिंह जादौन, एएसआई प्रकाश डावर, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र बघेल, आरक्षक रितेश यादव, ध्रुवसिंह एवं दीपक वसुनिया की भूमिका सराहनीय रही।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच स्टेशन रोड पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन मालिकों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Crime reporter Jitendra Kumawat