खंडवा
शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले शिवाजी चौक में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर अब विरोध तेज हो गया है। अखिल भारत हिन्दू महासभा (युवा मोर्चा) ने इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम आयुक्त महोदया को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आमजन की सुरक्षा पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
अखिल भारत हिन्दू महासभा युवा मोर्चा खंडवा के जिलाध्यक्ष पवन सिंह सोलंकी के निर्देश पर जिला संगठन मंत्री राकेश रायकवार एवं जिला मंत्री राहुल यादव ने नगर निगम पहुंचकर ज्ञापन प्रस्तुत किया। ज्ञापन में बताया गया कि शिवाजी चौक क्षेत्र में अवैध गुमटियों और अन्य अतिक्रमणों के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे प्रतिदिन हजारों नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन भी समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे किसी भी आपदा की स्थिति में जनहानि का खतरा बढ़ सकता है।
ज्ञापन में नगर निगम द्वारा शहर के अन्य हिस्सों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा गया कि शिवाजी चौक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होना चिंता और निराशा का विषय है।
इसके साथ ही संगठन ने कालमुखी बस स्टैंड की अव्यवस्थित व्यवस्था को भी प्रमुख मुद्दा बताया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि अस्थायी रूप से संचालित हो रहे इस बस स्टैंड पर बसें सड़क किनारे खड़ी रहती हैं और दोनों ओर फैले अतिक्रमण के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है। परिणामस्वरूप आए दिन जाम की स्थिति बनती है और नागरिकों को घंटों परेशान होना पड़ता है।
अखिल भारत हिन्दू महासभा (युवा मोर्चा) ने मांग की है कि शिवाजी चौक का तत्काल सर्वे एवं निरीक्षण कर सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं, सड़क का चौड़ीकरण कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बहाल की जाए तथा कालमुखी बस स्टैंड को शहर के भीतर से हटाकर किसी उपयुक्त एवं व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
शहर की यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर अब सभी की निगाहें नगर निगम प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत