|
|
चीताखेड़ा। आरोग्य देवी आवरी माता मंदिर परिसर में गुरुवार को सार्वभौमिक मानवाधिकार परिषद की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतापगढ़ जिला अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, छोटी सादड़ी तहसील अध्यक्ष शंकर लाल मीणा एवं प्रहलाद राय शर्मा की उपस्थिति में नवनियुक्त कार्यकारिणी पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। परिषद के मीडिया प्रभारी दशरथ माली ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि नीमच जिला अध्यक्ष पद पर नियुक्त ज्योतिषाचार्य पंडित शिव शंकर शर्मा, छोटी सादड़ी तहसील संरक्षक बाबूराव मराठा तथा तहसील सचिव किशन लाल सिंधी का बैच प्रदान कर एवं माल्यार्पण कर स्वागत-सम्मान किया गया। बैठक में बताया गया कि सार्वभौमिक मानवाधिकार परिषद का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, उत्पीड़न एवं शोषण को समाप्त करने तथा मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए जनहित में कार्य करना है। परिषद अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ आमजन की समस्याओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के समक्ष रखकर उनके समाधान के लिए प्रयास करेगी। इस अवसर पर परिषद के विस्तार के तहत नए सदस्यों की नियुक्ति भी की गई तथा संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |