|
|
नगरीय निकाय को एबीसी कार्यक्रम शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश नीमच। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय पशु कल्याण समिति, पशु क्रूरता निवारण समिति एवं जिला गोपालन गौसंवर्धन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला पशु चिकित्सालय नीमच में छोटे पशुओं के उपचार हेतु शेड एवं प्लेटफॉर्म निर्माण तथा बड़े पशुओं के लिए ट्रेविस क्षेत्र एवं कास्टिंग एरिया निर्माण के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। इसी प्रकार के निर्माण कार्य पशु चिकित्सालय मनासा परिसर में भी कराए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि पूर्व बैठक के निर्णयानुसार काऊ लिफ्टिंग मशीन तीनों विकासखंडों में वितरित की जा चुकी है, जिससे पशुपालकों को लाभ मिल रहा है। श्वान नसबंदी कार्यक्रम के तहत पशु जन्म नियंत्रण योजना में श्वानों की नसबंदी ऑपरेशन की दर 1700 रुपये प्रति ऑपरेशन निर्धारित की गई। कलेक्टर ने स्थानीय निकाय नीमच को एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम अतिशीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। निराश्रित गौवंश प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शहरी क्षेत्र में निराश्रित गौवंश को गौशालाओं में विस्थापित करने का कार्य लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही गौशाला से पशु वापस प्राप्त करने के लिए 2500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया। कलेक्टर श्री चंद्रा ने मुख्यमंत्री गौशाला योजना के तहत निर्मित असंचालित गौशालाओं में बिजली एवं पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उप संचालक पशुपालन को नए प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि सीएसआर एवं अन्य मदों से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर इन गौशालाओं का संचालन प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी गौशालाओं में कीचड़ मुक्त व्यवस्था बनाए रखने, गौवंश का नियमित टीकाकरण कराने तथा सतत निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में उप संचालक पशुपालन डॉ. राजेश पाटीदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। |