रतलाम। मध्यप्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा तथा सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह से सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं, सेवा संबंधी मुद्दों तथा कार्यस्थल पर आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने अधिकारियों के समक्ष कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर रखते हुए उनके शीघ्र एवं सकारात्मक निराकरण की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मचारी विषम परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवा संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है, ताकि कर्मचारियों का मनोबल बना रहे और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार हो सके।
इस दौरान सीएमएचओ डॉ. किरण वाडीवा एवं सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले के स्वास्थ्य कर्मचारियों के हितों का संरक्षण उनकी प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की वास्तविक एवं न्यायसंगत समस्याओं का नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाएगा तथा बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। प्रतिनिधिमंडल में आराधना निगुणकर, शरद शुक्ला, मनीष माथुर, राजकुमार सिंह आंबा, लक्ष्मी चौधरी, रवि गुर्जर, सुनील कुमावत, विशाल शर्मा, सुनील धन्दौरे, दुष्यंत पुरोहित, प्रकाश उपाध्याय, शैलेन्द्र भीडे, सुनील वर्मा, जुल्फिकार अली, लोकेश वैष्णव, शैलेन्द्र सिंह देवड़ा, संजय मोदी, दीपक छपरी सहित संयुक्त मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संयुक्त मोर्चा ने विश्वास व्यक्त किया कि अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप कर्मचारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा, जिससे स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी। बैठक की जानकारी शरद शुक्ला द्वारा प्रदान की गई।
रिपोर्टर जीतेन्द्र कुमावत