नीमच। जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से माईंड ग्रेंड मास्टर एसोसिएशन का गठन किया गया है। संस्था का लक्ष्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का मंच उपलब्ध कराना है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सोनी ने बताया कि नीमच के अनेक खिलाड़ी क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज जैसे खेलों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की जानकारी और उचित मार्गदर्शन के अभाव में कई खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते। इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इस संगठन की स्थापना की गई है।
उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ऐसे खिलाड़ियों को आगे बढ़ाएगा जिनमें प्रतिभा, अनुशासन और कुछ कर दिखाने का जज़्बा है। संस्था का उद्देश्य नीमच में विभिन्न खेलों के अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट आयोजित कर स्थानीय खिलाड़ियों को वैश्विक मंच प्रदान करना है।
श्री सोनी ने कहा कि संस्था के औपचारिक पंजीयन से पहले ही टीम ने स्वर्गीय कश्मीरी लाल अरोड़ा की स्मृति में अंतरराष्ट्रीय फीडे शतरंज प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर अपनी कार्यक्षमता साबित की थी। अब इसी प्रकार अन्य खेलों के बड़े राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
एसोसिएशन में विक्की छाबड़ा को उपाध्यक्ष, पवन शर्मा को कोषाध्यक्ष, सुनील सोनी को सहसचिव तथा वीरेंद्र सोनी और मनदीप सिंह गौत्रा को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है। वहीं, प्रख्यात समाजसेवी अरूल अशोक अरोड़ा को संस्था का संरक्षक नियुक्त किया गया है।
अध्यक्ष नरेंद्र सोनी ने विश्वास व्यक्त किया कि माईंड ग्रेंड मास्टर एसोसिएशन आने वाले समय में नीमच के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।