रतलाम /सैलाना। संयुक्त राष्ट्र संगठन (यूएनओ) से जुड़े कार्यक्रम में स्विट्जरलैंड की यात्रा पूरी कर भारत लौटे बांसवाड़ा-डूंगरपुर (राजस्थान) के सांसद राजकुमार रोत का अपने गृह जिले के लिए रवाना होने के दौरान रविवार सुबह सैलाना विधानसभा क्षेत्र में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया।
सांसद रोत स्विट्जरलैंड से दिल्ली पहुंचे और वहां से रतलाम होते हुए अपने गृह जिले बांसवाड़ा-डूंगरपुर के लिए रवाना हुए। सुबह लगभग 9 बजे उनका सैलाना आगमन हुआ, जहां विश्राम गृह परिसर में भारत आदिवासी पार्टी (बाप) और जयस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। करीब 9:30 बजे सांसद अपने गृह जिले के लिए प्रस्थान कर गए।
स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा, भारत आदिवासी पार्टी के जिला अध्यक्ष चंदू मईड़ा तथा जयस जिला अध्यक्ष कालू भाभर ने किया। कार्यकर्ताओं ने सांसद राजकुमार रोत को पुष्पमालाएं पहनाकर, साफा बांधकर और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से सरपंच विश्राम निनामा, सरपंच विनीत भाभर, लट्टू भाभर, दिनेश माल, भारत आदिवासी पार्टी कार्यकारिणी अध्यक्ष एवं वर्तमान सरपंच रमेश खराड़ी, सरपंच संजय मईड़ा, सरपंच शांतिलाल डामोर, सरपंच राकेश डोडियार, सरपंच दिनेश निनामा, सरपंच राजेश मईड़ा, सरपंच दिनेश मईड़ा सहित भारत आदिवासी पार्टी और जयस के अनेक पदाधिकारी, सरपंच एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद राजकुमार रोत ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और संगठन की मजबूती, आदिवासी समाज के अधिकारों तथा जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष जारी रखने का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने भी सांसद के नेतृत्व में समाज के विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
स्वागत समारोह के बाद भारत आदिवासी पार्टी और जयस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सांसद राजकुमार रोत के काफिले के साथ राजस्थान सीमा स्थित दानपुर बॉर्डर तक पहुंचे, जहां पूरे उत्साह के साथ उन्हें उनके गृह जिले के लिए विदाई दी गई।
सैलाना में आयोजित यह स्वागत कार्यक्रम आदिवासी समाज की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक बनकर उभरा। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में भारत आदिवासी पार्टी और जयस का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है तथा समाज के नेतृत्व के प्रति लोगों का विश्वास निरंतर बढ़ रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत