|
|
नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित अभियान मुस्कान के तहत थाना बघाना पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए 2 गुम नाबालिग बालिकाओं एवं 1 बालिग युवती को महज 10 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया। तीनों को इंदौर से बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी राधेश्याम दांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को एक फरियादी ने थाना बघाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी दो नाबालिग बेटियों एवं एक बालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर थाना बघाना में अपराध क्रमांक 249/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) एवं 140(3) में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विशेष टीम गठित कर बालिकाओं की शीघ्र तलाश के निर्देश दिए। चेहल्लुम ड्यूटी की व्यस्तता के बावजूद पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए घटनास्थल एवं आसपास के लगभग 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, करीब 200 राहगीरों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों को इंदौर से सकुशल दस्तयाब कर लिया। तीनों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने नीमच पुलिस का आभार व्यक्त किया। सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी राधेश्याम दांगी, सउनि सुनील सिसौदिया, प्रधान आरक्षक मोनवीर सिंह, आरक्षक राहुल डाबी, पंकज पाटीदार, अजातशत्रु, ओमप्रकाश पारगी, राहुल चंदेल, महिला आरक्षक शिवांगी, महिला आरक्षक पूजा मालवीय, प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे तथा साइबर सेल नीमच की टीम का विशेष योगदान रहा। |