नाकाबंदी देख पिकअप छोड़कर भागा चालक...
मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सीतामऊ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 529 किलो 690 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से डोडाचूरा से भरे 34 काले रंग के प्लास्टिक कट्टे और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिन्द्रा बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त किया है। बरामद डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 10 लाख 59 हजार रुपये बताई गई है जबकि जब्त पिकअप की कीमत करीब 5 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 8 और 9 अगस्त 2026 की दरमियानी रात करीब 2 बजे अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राम स्नेही मिश्रा और अनुविभागीय अधिकारी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में सीतामऊ थाना पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी।
थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति के निर्देशन में उपनिरीक्षक मूलचंद धाकड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर देवनारायण मंदिर के सामने सीतामऊ-मंदसौर रोड स्थित नागराज खेड़ा के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान एक महिन्द्रा बोलेरो पिकअप वाहन पुलिस को आता दिखाई दिया। पुलिस की नाकाबंदी देखकर वाहन चालक घबरा गया और पिकअप को मोड़कर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन की तलाशी ली तो उसमें काले रंग के 34 प्लास्टिक कट्टों में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भरा मिला। पुलिस ने मौके से कुल 529 किलो 690 ग्राम डोडाचूरा बरामद कर जब्त किया। साथ ही महिन्द्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक MP14ZG6942 को भी कब्जे में लिया गया।
मामले में सीतामऊ थाने पर अपराध क्रमांक 426/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब फरार चालक और इस अवैध मादक पदार्थ की खेप से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
सीतामऊ पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है....
जिला संवाददाता: कमलेश शर्मा