जिला आगर मालवा से मुकेश बीजापारी कि रिपोर्ट 7697389976
आगर मालवा, 10 अगस्त 2026/ शासन के निर्देशानुसार प्रदेश में 9 से 17 अगस्त तक तिरंगा अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत जिला, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर तिरंगा यात्रा का आयोजित की जा रही है।
जिला मुख्यालय आगर पर 14 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा एवं 13 अगस्त को जिले के ग्रामीण अंचलों में तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी।
प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने सोमवार को सर्किट हाउस आगर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक में तिरंगा यात्रा की पूर्व तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में विधायक श्री माधव सिंह ‘मधु‘ गहलोत, जिला अध्यक्ष श्री ओम मालवीय, जनप्रतिनिधि और एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री जगदीश चंद्र मालवीय भी उपस्थित थे।
बैठक में तिरंगा यात्रा आयोजन की अब तक की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए की भव्य तिरंगा यात्रा में समाज के सभी वर्गों के प्रबुद्धजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए और यात्रा में अधिकाधिक आमजनों की उपस्थिति एवं सहभागिता के प्रबंध किये जाए।
जनप्रतिनिधियों से संवाद और समन्वय कर तिरंगा यात्रा का सुगम मार्ग तय किया जाए। इस यात्रा के सफल आयोजन में जिले के महाविद्यालयों और विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षक गणों की भागीदारी पर भी प्रभारी मंत्री ने जोऱ दिया है।
उन्होंने निर्देश दिए कि यह तिरंगा यात्रा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहे और यात्रा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हो।
बैठक में विधायक श्री माधव सिंह गहलोत ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान एवं विधायक श्री माधव सिंह गहलोत ने जिले के अधिकाधिक नागरिको से इस तिरंगा अभियान में उत्साह पूर्वक भाग लेने एवं तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आव्हान किया है।