|
|
आगर मालवा : संभागायुक्त उज्जैन श्री आशीष सिंह ने मंगलवार को आगर जिले के बापचा सेक्टर के ग्राम महुडिया एवं लालूखेड़ी पहुंचकर आंगनवाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने आंगनवाड़ी केंद्र में ए.एन.एम. द्वारा किए जा रहे महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने ए.एन.एम. से चर्चा कर ग्राम में प्रसव पूर्व जांच हेतु पंजीकृत महिलाओं की संख्या, अनमोल पोर्टल पर पंजीकृत महिलाओं की संख्या तथा समग्र आईडी के अभाव में पंजीयन से शेष महिलाओं की जानकारी प्राप्त की। संभागायुक्त ने जिला पंचायत सीईओ को समग्र आईडी संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। साथ ही सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में एक टेबल एवं पांच कुर्सियां उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, जिससे टीकाकरण दिवस पर ए.एन.एम. एवं आगंतुक महिलाओं को सुविधा हो सके। संभागायुक्त ने छात्रों से किया संवाद, पढ़ाई के लिए किया प्रेरित आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के पश्चात संभागायुक्त श्री सिंह ने उपस्थित ग्रामीण छात्रों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से स्कूल, कक्षा एवं पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करने तथा डॉक्टर, इंजीनियर, वकील बनने के लिए मेहनत करने हेतु प्रेरित किया। इस दौरान कक्षा चौथी के छात्र आशीष से नाम पूछने पर छात्र ने बताया कि वह पढ़-लिखकर डॉक्टर बनना चाहता है। इस पर संभागायुक्त श्री सिंह ने छात्र आशीष से हाथ मिलाकर उसकी हौसला अफजाई की। ग्रामीणों ने संभागायुक्त श्री सिंह, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, एसपी श्री दिलीप कुमार सोनी का पुष्पहारों से स्वागत किया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, एसपी श्री दिलीप कुमार सोनी, जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. दीपक पिपल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश देहरवाल एवं कार्यक्रम अधिकारी श्री राजीव गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। |