रतलाम / सैलाना। आगामी छात्र संघ कॉलेज चुनावों को लेकर भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (BPVM) ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संगठन के विस्तार को लेकर लगातार सक्रियता बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में सैलाना के कॉलेज ग्राउंड में BPVM की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें कॉलेज इकाई एवं सैलाना ब्लॉक की छात्र कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में राकेश माल को सैलाना ब्लॉक संयोजक तथा पायल मईडा को कॉलेज इकाई छात्रा संयोजक नियुक्त किया गया। इसके अलावा राम किशन चारपोटा, अक्षय मईडा, दिग्विजय सिंह, प्रिया डिंडोर, राशिका डामोर, राकेश मईडा, सविता खराड़ी, सुंदर भगोरा, आरती भाभर, अंगूरबाला, शारदा चारेल, कमला मईडा, कविता मईडा एवं हिना मईडा सहित अन्य कार्यकर्ताओं को संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां दी गईं।
बैठक में BPVM प्रदेश संयोजक दिनेश माल एवं जिला संयोजक अनिल मईडा की उपस्थिति में छात्रहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने बैकलॉग पदों पर भर्ती, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, छात्र समस्याओं के समाधान तथा कॉलेजों में आदिवासी विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में छात्रहित के मुद्दों को लेकर BPVM को कॉलेज स्तर तक मजबूत किया जाएगा। विधायक कमलेश्वर डोडियार के नेतृत्व में आदिवासी विद्यार्थियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने तथा संगठन का विस्तार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आगामी छात्र संघ चुनावों को देखते हुए विभिन्न कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़ने की रणनीति भी तैयार की जा रही है।
बैठक में जानकारी दी गई कि 23 अगस्त 2026 को रतलाम में प्रदेश स्तरीय छात्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। BPVM आगामी छात्र संघ कॉलेज चुनावों में रतलाम के साथ धार, झाबुआ, अलीराजपुर, उज्जैन एवं अन्य जिलों के कॉलेजों में अपने उम्मीदवार मैदान में उतारने की तैयारी कर रहा है।
आदिवासी परिवार के महावीर निनामा ने विद्यार्थियों को छात्र संगठन एवं छात्र संघ चुनावों के महत्व की जानकारी दी। प्रदेश संयोजक दिनेश माल ने कहा कि संगठन छात्रहित और सामाजिक मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कॉलेजों में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में संगठन के पैनल से छात्रहित को प्राथमिकता देने वाले उम्मीदवार मैदान में उतारे जाएंगे।
बैठक में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं BPVM कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन जिला सह-संयोजक मिथुन सिंघाड़ ने किया तथा आभार BPVM ब्लॉक संयोजक देवा सिंगाड़ ने माना। बैठक के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में आगामी छात्र संघ चुनावों को लेकर उत्साह दिखाई दिया।