रतलाम/रावटी। उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने रावटी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न ब्रांड के घी के नमूने जांच के लिए लिए गए, वहीं कुल 133 किलोग्राम घी जब्त किया गया।
जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब 67 हजार रुपये बताई गई है।
विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण और नमूना कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रावटी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान सबसे पहले आरजी किराना, रावटी का निरीक्षण किया गया। यहां घी का नमूना जांच के लिए लिया गया तथा 15 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई।
इसके बाद टीम ने सिद्धार्थ ट्रेडर्स, बस स्टैंड रावटी का निरीक्षण किया। यहां Purashure Desi Ghee का नमूना जांच के लिए लिया गया। साथ ही 43 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 27 हजार रुपये है।
इसी क्रम में श्री कृष्ण डेयरी, रावटी का भी निरीक्षण किया गया। यहां श्री रत्नागिरी घी का नमूना लिया गया और 75 किलोग्राम घी जब्त किया गया। जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब 31 हजार रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार तीनों प्रतिष्ठानों से लिए गए घी के नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों की गुणवत्ता के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन गंभीर है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।